STF कुमाऊं यूनिट की बड़ी कार्रवाई, 1.15 किलो चरस के साथ दो आरोपी गिरफ्तार
हल्द्वानी। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए STF कुमाऊं यूनिट ने थाना काठगोदाम पुलिस के साथ संयुक्त अभियान में दो कथित नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से 1 किलो 150 ग्राम चरस बरामद हुई है। बरामद चरस की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई गई है।
STF के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक STF के निर्देश पर कुमाऊं क्षेत्र में नशे की तस्करी करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में STF कुमाऊं यूनिट ने तकनीकी और मैनुअल इनपुट जुटाए। सटीक सूचना के आधार पर थाना काठगोदाम पुलिस के साथ संयुक्त टीम गठित कर क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया गया।
चेकिंग के दौरान टीम ने दो आरोपियों को संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर रोककर तलाशी ली। पुलिस के मुताबिक, उनके पास से 1 किलो 150 ग्राम चरस बरामद हुई। मौके से एक स्कूटी संख्या UK04 TB 8402 भी कब्जे में ली गई।
चंपावत से चरस लाकर दूसरे जिलों में सप्लाई का दावा
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे चंपावत जिले के पाटी क्षेत्र से चरस खरीदकर लाते थे और इसे नैनीताल तथा ऊधमसिंहनगर जिलों में ऊंचे दामों पर बेचते थे।
STF अब आरोपियों के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज खंगाल रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि चरस की सप्लाई कहां से होती थी और इसे आगे किन लोगों तक पहुंचाया जाता था।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
- मनोज चंद्र, पुत्र भवानी दत्त भट्ट, निवासी ग्राम बामन चापड़, तहसील एवं थाना पाटी, जनपद चंपावत।
- संजय चंद्र, पुत्र जगदीश चंद्र, निवासी ग्राम अनरपा, तहसील एवं थाना पाटी, जनपद चंपावत।
दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना काठगोदाम में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई है।
STF के अधिकारियों के मुताबिक, कुमाऊं क्षेत्र के पर्वतीय जिलों से अवैध चरस तस्करी को लेकर लंबे समय से इनपुट मिल रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर नशे के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।
STF ने कहा है कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
बरामदगी
- 1 किलो 150 ग्राम चरस
- एक स्कूटी UK04 TB 8402
कार्रवाई में STF कुमाऊं यूनिट से निरीक्षक एमपी सिंह, एसआई अशोक कांडपाल, एसआई चंदन सिंह बिष्ट, एसआई प्रकाश चंद्र भगत, मुख्य आरक्षी गोविंद सिंह, मुख्य आरक्षी मोहित वर्मा और मुख्य आरक्षी चालक संजय कुमार शामिल रहे।
वहीं, थाना काठगोदाम पुलिस टीम में एसआई धर्मेंद्र कुमार और मुख्य आरक्षी प्रताप गढ़िया शामिल रहे।
