मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने चिन्यालीसौड़ हवाई पट्टी का किया निरीक्षण, सीमांत क्षेत्र की व्यवस्थाओं का लिया जायजा
उत्तरकाशी। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने तीन दिवसीय उत्तरकाशी दौरे के पहले दिन सामरिक एवं नागरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण चिन्यालीसौड़ हवाई पट्टी का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने हवाई पट्टी के एप्रन, रनवे, टर्मिनल भवन सहित विभिन्न बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। 
चीन सीमा से निकटता के कारण चिन्यालीसौड़ हवाई पट्टी को सीमांत क्षेत्र में सामरिक गतिविधियों के साथ-साथ आपातकालीन रेस्क्यू, आपदा प्रबंधन और वीवीआईपी आवागमन की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जाता है। मुख्य सचिव ने हवाई पट्टी की वर्तमान व्यवस्थाओं और प्रस्तावित विस्तार से संबंधित जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। 
महिला समूहों की आजीविका गतिविधियों का लिया जायजा
मुख्य सचिव ने विकासखंड चिन्यालीसौड़ के ग्राम मल्ली पहुंचकर ‘सर्व शक्ति क्लस्टर लेवल फेडरेशन’ तुल्याड़ा के कलेक्शन सेंटर का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं और लखपति दीदियों से संवाद कर उनकी आजीविका गतिविधियों, उत्पादन कार्यों और अनुभवों की जानकारी ली।
उन्होंने महिला उद्यमियों द्वारा तैयार किए जा रहे उत्पादों का अवलोकन किया और आर्थिक स्वावलंबन एवं सामाजिक सशक्तिकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। 
महिलाओं ने बताया कि यूजीवीएस-रीप, आजीविका परियोजना और आईएफएडी के वित्तीय एवं तकनीकी सहयोग से ग्रामीण महिलाएं स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। क्लस्टर से जुड़ी गतिविधियों में बेकरी, स्ट्रॉबेरी उत्पादन, सिलाई सेंटर, ब्यूटी पार्लर, कैटरिंग, डेयरी, मुर्गी पालन तथा स्थानीय उत्पाद और अचार निर्माण शामिल हैं।
इस दौरान ब्लॉक प्रमुख चिन्यालीसौड़ रणदेव सिंह महंत मौजूद रहे।
विद्यार्थियों से संवाद कर बढ़ाया उत्साह
इसके बाद मुख्य सचिव ने विकासखंड डुंडा स्थित पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज मातली का निरीक्षण किया। उन्होंने कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों से संवाद किया और उन्हें भविष्य की चुनौतियों का आत्मविश्वास के साथ सामना करने तथा उच्च लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित किया।
मुख्य सचिव ने विद्यालय की प्रयोगशालाओं, कंप्यूटर कक्ष, कक्षाओं और पेयजल व्यवस्था समेत अन्य सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय परिसर में पौधरोपण किया और विभिन्न शैक्षणिक एवं खेल गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया।
राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर चयनित खिलाड़ियों को सम्मान
मुख्य सचिव ने लंबी कूद में राज्य स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त कर राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित राजीव, कबड्डी में राज्य स्तर के लिए चयनित शुभम तथा गृह परीक्षा सत्र 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले लविश और अस्मित को सम्मानित किया।
इसके अलावा परिषदीय हाईस्कूल परीक्षा में विद्यालय का नाम रोशन करने वाली टॉपर छात्राओं निधि भट्ट और अनुष्का को भी सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने अन्य विद्यार्थियों से भी निरंतर मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय, मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह, एसडीएम देवानंद शर्मा, सीओ चंचल शर्मा, मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित कोटियाल, अधिशासी अभियंता सिंचाई सचिन सिंघल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। 
