CHAR DHAMCM UTTRAKHANDUttrakhand

चारधाम यात्रा में स्वच्छता अभियान का असर, अब तक 798 टन कचरा एकत्रित

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आह्वान पर चारधाम यात्रा को स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के सकारात्मक परिणाम सामने आने लगे हैं। यात्रा मार्गों और धाम क्षेत्रों में श्रद्धालुओं को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के साथ ही सफाई व्यवस्था से जुड़े विभागों की ओर से भी विशेष अभियान चलाए जा रहे ..

 

नगर पंचायतों और संबंधित संस्थाओं के प्रयासों से इस यात्रा सीजन में अब तक 798 टन कचरा एकत्रित किया जा चुका है। केदारनाथ, बदरीनाथ और गंगोत्री में नगर पंचायत प्रशासन द्वारा कचरे के संग्रहण और निस्तारण की प्रक्रिया संचालित की जा रही है, जबकि यमुनोत्री में सफाई व्यवस्था की जिम्मेदारी जिला पंचायत के पास है। Record broken in Chardham Yatra

केदारनाथ में 32 टन कचरा एकत्रित

श्री केदारनाथ धाम नगर पंचायत क्षेत्र में इस यात्रा सीजन के दौरान अब तक 32 टन सॉलिड वेस्ट एकत्रित किया गया है। इसमें करीब 20 टन प्लास्टिक कचरा शामिल है। इस वर्ष धाम में शहरी विकास विभाग की ओर से एक अतिरिक्त कॉम्पेक्टर मशीन भी लगाई गई है।

एकत्रित सॉलिड वेस्ट को गौरीकुंड पहुंचाया जा रहा है, जिसके बाद इसे नीलाम किए जाने की प्रक्रिया होगी। वहीं, केदारनाथ पैदल मार्ग और सफाई व्यवस्था का प्रबंधन सुलभ इंटरनेशनल द्वारा किया जा रहा है। संस्था के अनुसार अब तक 270 टन सॉलिड वेस्ट एकत्रित किया गया है, जिसमें से 6.5 टन प्लास्टिक कचरा रिसाइक्लिंग के लिए भेजा जा चुका है।

चारधाम में 288 टन कचरा! 😳🚯 #shorts #CharDhamYatra #Uttarakhand #CleanIndia #Environment Awareness

बदरीनाथ में 393 टन कचरा जमा

श्री बदरीनाथ धाम में इस यात्रा सीजन में अब तक 393 टन कचरा एकत्रित किया गया है। इसमें 161 टन सूखा कूड़ा शामिल है। बदरीनाथ नगर पंचायत की ओर से धाम में ही सॉलिड वेस्ट को कॉम्पेक्ट किया जा रहा है।

इस प्रक्रिया के दौरान करीब 24 टन प्लास्टिक कचरा अलग किया जा चुका है। इसमें सबसे अधिक मात्रा पानी की प्लास्टिक बोतलों की बताई गई है। एकत्रित प्लास्टिक कचरे को अब नीलामी के लिए तैयार किया जा रहा है।

गंगोत्री में प्लास्टिक रिसाइक्लिंग से हुई आय

श्री गंगोत्री धाम में यात्रा काल के दौरान अब तक 98 टन कचरा एकत्रित किया जा चुका है। नगर पंचायत की ओर से 22 टन प्लास्टिक कचरे को रिसाइकिल किया गया है, जिससे 55 हजार रुपये की आय भी अर्जित हुई है।

इसके अलावा कचरे से करीब 2.5 टन खाद तैयार की गई है। धाम क्षेत्र में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को लेकर नगर पंचायत द्वारा प्रतिदिन विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है।

यमुनोत्री में 4.85 टन प्लास्टिक कचरे का निस्तारण

श्री यमुनोत्री धाम यात्रा मार्ग पर अब तक 4.85 टन प्लास्टिक कचरा एकत्रित कर सुरक्षित तरीके से निस्तारित किया गया है। इसमें 1,790 किलो कचरा जानकीचट्टी बाजार से ग्रामीण बाजार डामटा तक, जबकि 3,060 किलो कचरा जानकीचट्टी से खरसाली बाजार क्षेत्र से एकत्रित किया गया।

यमुनोत्री क्षेत्र में सफाई व्यवस्था की जिम्मेदारी जिला पंचायत के पास है।

सीएम धामी बोले—चारधाम की स्वच्छता में सभी की भागीदारी जरूरी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि चारधाम केवल आस्था और संस्कृति के केंद्र नहीं हैं, बल्कि हिमालय की संवेदनशील पारिस्थितिकी का भी महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। सरकार चारधाम यात्रा को स्वच्छ, सुगम और पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि चारों धामों को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण और प्लास्टिक कचरे की रिसाइक्लिंग पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने अभियान की सफलता के लिए सरकार के साथ श्रद्धालुओं, स्थानीय लोगों और व्यापारियों की सहभागिता को भी आवश्यक बताया।

आंकड़ों में चारधाम स्वच्छता अभियान

  • कुल एकत्रित कचरा: 798 टन
  • केदारनाथ नगर पंचायत: 32 टन सॉलिड वेस्ट
  • केदारनाथ पैदल मार्ग/सुलभ इंटरनेशनल: 270 टन सॉलिड वेस्ट
  • बदरीनाथ: 393 टन कचरा
  • गंगोत्री: 98 टन कचरा
  • यमुनोत्री: 4.85 टन प्लास्टिक कचरा सुरक्षित निस्तारित
  • गंगोत्री में रिसाइकिल प्लास्टिक: 22 टन
  • गंगोत्री से प्लास्टिक रिसाइक्लिंग आय: ₹55,000
  • गंगोत्री में तैयार खाद: 2.5 टन