SIR को लेकर सियासत गरम, कांग्रेस के सवालों पर मेयर सौरभ थपलियाल का पलटवार
देहरादून। उत्तराखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। कांग्रेस जहां SIR की प्रक्रिया और मतदाता सूची को लेकर लगातार सवाल उठा रही है, वहीं देहरादून के मेयर सौरभ थपलियाल ने कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार किया है।

मेयर सौरभ थपलियाल ने कांग्रेस के सवालों पर कई बिंदुओं के जरिए जवाब रखते हुए कहा कि मतदाता सूची जैसी महत्वपूर्ण प्रक्रिया को लेकर आरोप लगाने के बजाय तथ्यों और दस्तावेजों के साथ अपनी बात रखी जानी चाहिए।
उन्होंने SIR की प्रक्रिया, फॉर्म-6 और मतदाता सूची से जुड़े दस्तावेजों को लेकर कांग्रेस की ओर से उठाए जा रहे सवालों पर भी जवाब मांगा। मेयर का कहना है कि चुनाव आयोग की प्रक्रिया को लेकर यदि किसी राजनीतिक दल को आपत्ति है तो उसे प्रमाण और रिकॉर्ड के साथ अपनी बात सामने रखनी चाहिए।
SIR को लेकर कांग्रेस लगातार चुनाव आयोग की भूमिका पर सवाल उठा रही है। हाल ही में देहरादून में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए अपनी आपत्तियां दर्ज कराई थीं।
दूसरी ओर, बीजेपी की ओर से कांग्रेस के आरोपों पर जवाबी हमला शुरू हो गया है। ऐसे में मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रशासनिक प्रक्रिया अब उत्तराखंड की सियासत में भी अहम मुद्दा बनती जा रही है।
फिलहाल SIR को लेकर दोनों प्रमुख राजनीतिक दल आमने-सामने हैं। कांग्रेस जहां प्रक्रिया में पारदर्शिता और मतदाताओं के अधिकारों को लेकर सवाल उठा रही है, वहीं बीजेपी का जोर प्रक्रिया और तथ्यों के आधार पर जवाब देने पर है। आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर सियासी बयानबाजी और तेज होने की संभावना है।
