DEHRADUNUttrakhand

सफाई कर्मचारियों के अधिकारों पर आयोग का सख्त रुख, समस्याओं के समयबद्ध समाधान के निर्देश

देहरादून। राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष भगवत प्रसाद मकवाना ने सोमवार को बीजापुर गेस्ट हाउस, देहरादून में सफाई कर्मचारियों के अधिकारों, सामाजिक एवं आर्थिक कल्याण तथा केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को सफाई कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ लेते हुए उनके समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान के निर्देश दिए।

 

अध्यक्ष मकवाना ने कहा कि सफाई कर्मचारी और पर्यावरण मित्र शहरों एवं समाज को स्वच्छ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसके बावजूद उनके अधिकारों, सम्मान और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों को सुरक्षित कार्य वातावरण उपलब्ध कराना और उनके अधिकारों की रक्षा करना प्रशासन के साथ-साथ समाज की भी सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों से सफाई कर्मचारियों से जुड़े मामलों की नियमित समीक्षा करने तथा उनकी समस्याओं के निस्तारण में अनावश्यक देरी से बचने को कहा। साथ ही केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र कर्मचारियों तक प्रभावी तरीके से पहुंचाने पर भी जोर दिया।

बैठक के दौरान सफाई कर्मचारियों के सामाजिक और आर्थिक कल्याण, अधिकारों तथा सरकारी योजनाओं के लाभ से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर अधिकारियों के साथ चर्चा की गई।

समीक्षा बैठक में अपर सचिव/निदेशक, शहरी विकास विनोद गिरि गोस्वामी, अपर जिलाधिकारी के.के. मिश्रा, अपर पुलिस अधीक्षक स्वतंत्र कुमार सिंह समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।