कुम्हार बाड़ा में ‘आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम’, गर्भवती महिलाओं की हुई गोद भराई
महापौर शंभू पासवान ने गर्भवती महिलाओं को बांटा पौष्टिक आहार, बच्चों को पोषण सामग्री व उपहार किए वितरित
ऋषिकेश। महिला एवं बाल विकास विभाग एवं पोषण अभियान के तहत कुम्हार बाड़ा स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में ‘आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम’ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महापौर शंभू पासवान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान गर्भवती महिलाओं की पारंपरिक विधि-विधान से गोद भराई की रस्म कराई गई।

कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं को फल एवं पौष्टिक आहार वितरित किए गए। महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान संतुलित पोषण, स्वच्छता और स्वास्थ्य देखभाल के प्रति जागरूक किया गया। वहीं, आंगनवाड़ी केंद्र में आने वाले छोटे बच्चों को पोषण सामग्री और उपहार भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
महापौर शंभू पासवान ने कहा कि स्वस्थ मां ही स्वस्थ शिशु और सशक्त समाज की आधारशिला है। उन्होंने गर्भवती महिलाओं से संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने, स्वच्छता का ध्यान रखने और समय-समय पर चिकित्सकीय जांच एवं विशेषज्ञों से परामर्श लेने की अपील की।
उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से महिलाओं और बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य तथा जागरूकता के लिए किए जा रहे प्रयास महत्वपूर्ण हैं। ऐसे कार्यक्रमों के जरिए लाभार्थियों को पोषण के प्रति जागरूक करने के साथ ही सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है।
कार्यक्रम का संचालन आंगनवाड़ी संचालिका वीरबाला एवं सहायिका लक्ष्मी गुप्ता ने संयुक्त रूप से किया।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश मंत्री कविता शाह, मंडल अध्यक्ष निवेदिता सरकार, नामित पार्षद सोनू पांडे, संचालिका वीरबाला, सहायिका लक्ष्मी गुप्ता, ज्योति, कुसुम यादव सहित क्षेत्र की मातृशक्ति मौजूद रही।
