बद्रीनाथ धाम में सांस्कृतिक कार्यक्रमों पर अफवाहों को सतपाल महाराज ने बताया आधारहीन
देहरादून। श्री बद्रीनाथ धाम परिसर के समीप आयोजित एक उत्सव में संगीत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों को लेकर चल रही चर्चाओं पर पर्यटन, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने बद्रीनाथ धाम में संगीत, नृत्य और सांस्कृतिक कार्यक्रमों पर प्रतिबंध संबंधी दावों को आधारहीन बताया।

सतपाल महाराज ने कहा कि कुछ लोगों द्वारा यह भ्रम फैलाया जा रहा है कि श्री बद्रीनाथ धाम में संगीत, नृत्य या सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रतिबंधित हैं, जबकि ऐसा नहीं है। उन्होंने कहा कि बद्रीनाथ धाम के कपाट खुलने के अवसर पर भारतीय सेना का बैंड धार्मिक धुनों और मंगल संगीत की प्रस्तुति करता है। उनके अनुसार यह परंपरा लंबे समय से चली आ रही है।
मंत्री ने कहा कि बद्रीनाथ धाम केवल मंदिर तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे उर्वशी पीठ से भी जोड़ा जाता है। उन्होंने कहा कि यहां संगीत के माध्यम से ईश्वर की आराधना और स्तुति की परंपरा रही है और संगीत आध्यात्मिक एवं वैदिक परंपराओं का हिस्सा रहा है।
माणा गांव की परंपराओं का भी दिया हवाला
सतपाल महाराज ने सीमांत गांव माणा का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां होने वाले वैवाहिक कार्यक्रमों में भी पारंपरिक संगीत और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। उनके अनुसार ये गतिविधियां स्थानीय परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत का हिस्सा हैं।
उन्होंने बद्रीनाथ धाम की पूजा पद्धति का उल्लेख करते हुए कहा कि मंदिर के भीतर शंख बजाना वर्जित है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मंदिर परिसर के बाहर शंख बजाने पर ऐसा कोई प्रतिबंध नहीं है। उनके मुताबिक इसे प्रतिबंध के बजाय बद्रीनाथ की विशिष्ट पूजा पद्धति के संदर्भ में देखा जाना चाहिए।
श्रद्धालुओं से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील
मंत्री ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों के कार्यकाल में भी बद्रीनाथ धाम में विभिन्न अवसरों पर धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होते रहे हैं। ऐसे में धाम में इस प्रकार के कार्यक्रमों पर पूरी तरह प्रतिबंध होने की बात को उन्होंने निराधार बताया।
उन्होंने प्रदेशवासियों और श्रद्धालुओं से सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक सूचनाओं पर ध्यान नहीं देने की अपील की। साथ ही कहा कि सरकार श्री केदारनाथ धाम सहित चारों धामों की पवित्रता, परंपरा और मर्यादा बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।
