चारधाम यात्रा ने रचा नया रिकॉर्ड, 53.23 लाख श्रद्धालु पहुंचे धामों में
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन और राज्य सरकार की यात्रा व्यवस्थाओं के बीच उत्तराखंड की चारधाम यात्रा लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है। बदरीनाथ और गंगोत्री धाम में श्रद्धालुओं की संख्या ने पिछले रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है।
![]()
बदरीनाथ धाम में अब तक 18.10 लाख, जबकि गंगोत्री धाम में पहली बार 8.41 लाख श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। वहीं यमुनोत्री धाम में श्रद्धालुओं की संख्या 7.5 लाख के पार पहुंच गई है। केदारनाथ धाम में भी अब तक 15.57 लाख यात्री दर्शन कर चुके हैं।

चारों धामों को मिलाकर अब तक 53 लाख 23 हजार 401 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। पिछले वर्ष इसी अवधि में यह संख्या करीब 46 लाख थी। यात्रा के लिए अभी करीब डेढ़ माह का समय शेष है।
वहीं हेमकुंड साहिब में भी श्रद्धालुओं की संख्या पहली बार 3 लाख 52 हजार 765 तक पहुंच गई है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि चारधाम यात्रा का पहला चरण सफल रहा है और दूसरे चरण में भी बड़ी संख्या में तीर्थयात्री पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
यात्रा से जुड़े रुद्रप्रयाग, चमोली और उत्तरकाशी जिलों में आपदा प्रबंधन विभाग को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रखा गया है। राज्य और जिला स्तर पर अधिकारी लगातार यात्रा व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रहे हैं।
चारधाम यात्रा में बढ़ता श्रद्धालुओं का आंकड़ा जहां धार्मिक पर्यटन के प्रति बढ़ते आकर्षण को दर्शा रहा है, वहीं प्रशासन के सामने बढ़ती भीड़ के बीच सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लगातार बनाए रखने की चुनौती भी बनी हुई है।
