एबीवीपी की जीत युवाओं में राष्ट्रवादी विचारों की मजबूती का संकेत: महेंद्र भट्ट
देहरादून, 30 सितंबर: उत्तराखंड के छात्रसंघ चुनावों में एबीवीपी के प्रदर्शन को लेकर भाजपा ने इसे युवाओं के बीच राष्ट्रवादी विचारों के समर्थन का संकेत बताया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने बुधवार को पार्टी मुख्यालय में मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि प्रदेश के अधिकांश कॉलेजों में विद्यार्थी परिषद से जुड़े प्रत्याशियों की जीत से पार्टी उत्साहित है।

भट्ट ने कांग्रेस की ओर से छात्रसंघ चुनावों को लेकर उठाए गए सवालों को खारिज करते हुए कहा कि छात्रों की पसंद पर सवाल उठाना उनकी निर्णय क्षमता और स्वतंत्र विवेक पर प्रश्नचिह्न लगाने के समान है।
‘छात्र स्वयं निर्णय लेने वाली स्वतंत्र शक्ति’
भट्ट ने कहा कि DAV PG College सहित प्रदेश के कई प्रमुख कॉलेजों में विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं को छात्रों का समर्थन मिला है। उनके मुताबिक उत्तराखंड में राष्ट्रवादी विचारों की मजबूत सामाजिक पृष्ठभूमि रही है और छात्रसंघ चुनावों के परिणामों को इसी संदर्भ में देखा जाना चाहिए।
उन्होंने निर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों और एबीवीपी के पक्ष में मतदान करने वाले छात्रों का आभार जताया।
कांग्रेस की ओर से पुलिस-प्रशासन के कथित दुरुपयोग के आरोपों पर भट्ट ने कहा कि ये आरोप बेबुनियाद हैं। उन्होंने कहा कि छात्र राजनीति परिसर के भीतर होती है और छात्रों पर दबाव डालकर मतदान कराने की बात उनकी स्वतंत्र निर्णय क्षमता पर सवाल उठाती है।
भट्ट ने कहा कि भाजपा कांग्रेस के ऐसे आरोपों की निंदा करती है और उनका दावा है कि छात्रों ने अपने विवेक से मतदान किया है।

राज्यसभा प्रत्याशी पर एक-दो दिन में तस्वीर साफ होने का दावा
राज्यसभा चुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर भट्ट ने कहा कि प्रदेश भाजपा की कोर कमेटी में सामने आए 15 नाम केंद्रीय पार्लियामेंट्री बोर्ड को भेजे गए हैं।
उन्होंने उम्मीद जताई कि अगले एक-दो दिनों में केंद्रीय नेतृत्व राज्यसभा प्रत्याशी के नाम की घोषणा कर देगा। भट्ट ने कहा कि नामांकन की अंतिम तिथि 6 अक्टूबर है और पार्टी का प्रत्याशी निर्धारित समय-सीमा के भीतर नामांकन दाखिल करेगा।
उन्होंने चुनाव में पार्टी की जीत का भी भरोसा जताया।
PM मोदी के केदारनाथ-टिहरी दौरे की तारीख अभी प्रस्तावित
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तराखंड दौरे को लेकर भट्ट ने कहा कि फिलहाल केदारनाथ और टिहरी का कार्यक्रम प्रस्तावित है। उन्होंने कहा कि अंतिम तिथि तय होने के बाद संगठन की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा।
भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री का कार्यक्रम जब भी अंतिम होगा, पार्टी संगठन की ओर से व्यापक स्तर पर तैयारियां की जाएंगी।
राहुल-प्रियंका के कुमाऊं दौरे को बताया चुनावी यात्रा
कांग्रेस नेताओं राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के प्रस्तावित कुमाऊं दौरे पर भट्ट ने कहा कि यह चुनावी वर्ष है और कांग्रेस नेता चुनावी यात्रा के तहत प्रदेश में आ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा को इन दौरों से कोई फर्क नहीं पड़ता और पार्टी आगामी चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है। भट्ट ने कहा कि भाजपा संगठन चुनावी तैयारियों को लेकर आगे बढ़ रहा है और मजबूत जनादेश हासिल करने के लक्ष्य के साथ काम कर रहा है।
रामशरण नौटियाल के इस्तीफे पर भट्ट ने दी स्थिति स्पष्ट
रामशरण नौटियाल के कथित इस्तीफे की चर्चाओं पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि अब तक न तो उनके पास और न ही संबंधित जिला भाजपा अध्यक्ष के पास कोई इस्तीफा पहुंचा है।
उन्होंने कहा कि इस संबंध में यदि कोई स्पष्टीकरण देना है तो वह रामशरण नौटियाल की ओर से ही आ सकता है।

