Uttrakhand

भारत-नेपाल सीमा पर ड्राई पोर्ट और फोरलेन कनेक्टिविटी का महाराज ने किया निरीक्षण

चंपावत। प्रदेश के पर्यटन, लोक निर्माण, सिंचाई एवं ग्रामीण निर्माण मंत्री सतपाल महाराज ने रविवार को बनबसा में भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर भारतमाला परियोजना के तहत निर्माणाधीन ड्राई पोर्ट, एकीकृत चेक पोस्ट और फोरलेन सड़क-पुल परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को सभी निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान महाराज ने 246.86 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन नेशनल हाईवे-09 (पुराना एएच-125) सीतारगंज-टनकपुर मार्ग पर जगबुड़ा पुल के समीप से बनबसा भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा चेक पोस्ट तक करीब 40 किलोमीटर फोरलेन कनेक्टिविटी के कार्यों का जायजा लिया।

इसके साथ ही उन्होंने 368.28 करोड़ रुपये की लागत वाली बनबसा एकीकृत चेक पोस्ट परियोजना तथा भारत-नेपाल सीमा पर प्रस्तावित ड्राई पोर्ट का भी निरीक्षण किया। यह क्षेत्र भारत से नेपाल में प्रवेश के प्रमुख सीमा क्रॉसिंग में शामिल है।

व्यापार और रोजगार को मिलेगी गति

मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि भारत-नेपाल सीमा, विशेषकर बनबसा-दोधारा चांदनी क्षेत्र में बनने वाला ड्राई पोर्ट दोनों देशों के बीच व्यापारिक गतिविधियों को नई गति देगा। इससे आयात-निर्यात की प्रक्रिया अधिक सुगम होने के साथ ही आवागमन और सीमांत क्षेत्रों के आर्थिक विकास को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

उन्होंने कहा कि परियोजनाओं के पूरा होने से भारत और नेपाल के बीच व्यापारिक संपर्क मजबूत होगा तथा सीमांत क्षेत्रों में रोजगार और आर्थिक गतिविधियों के नए अवसर विकसित होंगे।

निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।