समाधान दिवस में 126 शिकायतें, बुजुर्गों के उत्पीड़न पर प्रशासन का कड़ा एक्शन
देहरादून। आम जनता की शिकायतों के निस्तारण को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ऋषिपर्णा सभागार में आयोजित समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से जुड़ी 126 शिकायतें दर्ज की गईं। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के.के. मिश्रा ने शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर आयोजित जनसुनवाई में एडीएम ने सीएम हेल्पलाइन पर लंबित शिकायतों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर शिकायतों का निस्तारण करने और कार्रवाई की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
बुजुर्गों की शिकायत पर मौके पर दर्ज हुआ वाद
समाधान दिवस में बुजुर्गों से जुड़ी शिकायतों पर प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई की। 73 वर्षीय मदनलाल भल्ला ने आरोप लगाया कि उन्होंने बेटे को कारोबार खड़ा करने में मदद की, लेकिन सफल होने के बाद बेटे ने बुढ़ापे में उन्हें बेसहारा छोड़ दिया। मामले का संज्ञान लेते हुए प्रशासन ने मौके पर ही भरण-पोषण अधिनियम के तहत वाद दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
वहीं, 74 वर्षीय विधवा रेणुका खनका ने बहू पर पैतृक संपत्ति हड़पने, मारपीट और देखभाल नहीं करने के आरोप लगाए। मामले में सीओ रायपुर और महिला सेल को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
अवैध कब्जे और निर्माण पर प्रशासन सख्त
गायत्री विहार निवासी बुजुर्ग दंपत्ति ने अपनी वैध संपत्ति पर पड़ोसी द्वारा कथित अवैध कब्जे और एमडीडीए के सीलिंग आदेशों का पालन नहीं होने की शिकायत की। एडीएम ने एमडीडीए को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
सेवाकलां निवासी संजय कुमार ने पुश्तैनी भूमि पर पड़ोसी द्वारा कब्जे और धमकी की शिकायत की। मामले में एसडीएम सदर को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
रेसकोर्स निवासी आशीष बड़थ्वाल ने पूर्व पार्षद पर नियमों के विपरीत तीन मंजिला व्यावसायिक भवन बनाने और अवैध गतिविधियों का आरोप लगाया। शिकायत पर एसडीएम सदर और पुलिस क्षेत्राधिकारी को मौके का स्थलीय निरीक्षण कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए।
सड़क, पेयजल और निर्माण कार्यों पर भी जवाब-तलब
इंद्रलोक कॉलोनी में सीवर लाइन बिछाने के बाद क्षतिग्रस्त सड़क की शिकायत पर जल निगम को तत्काल मरम्मत के निर्देश दिए गए। खुड़बुड़ा मोहल्ले में गंदे पानी की आपूर्ति की शिकायत पर जल संस्थान को व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा गया।
रानीपोखरी क्षेत्र में वर्ष 2024 से पहले के पेयजल कनेक्शनों और शुल्क में कथित अनियमितता की शिकायत पर अधिशासी अभियंता जल संस्थान से जांच रिपोर्ट तलब की गई।
आशारोड़ी-झाझरा हाईवे निर्माण में अनियमितता की शिकायत पर एनएचएआई को जांच के निर्देश दिए गए। वहीं चकराता ब्लॉक के खारसी मोटर मार्ग और कोल्डपानी-सत्तौर क्षेत्र में भू-कटाव की समस्या पर पीडब्ल्यूडी तथा एसडीएम को रिपोर्ट सौंपने को कहा गया।
बारिश से क्षतिग्रस्त पुलिया, स्कूली बच्चों की परेशानी का मामला भी उठा
कालसी विकासखंड के कामला स्थित हड्डियागाड़ में भारी बारिश से क्षतिग्रस्त पुलिया के कारण स्कूली बच्चों को हो रही परेशानी का मामला भी समाधान दिवस में पहुंचा। एडीएम ने एसडीएम कालसी को मौके का निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
हाथियों से सुरक्षा और आपदा राहत की मांग
कुडियाल ग्राम पंचायत में दैवीय आपदा से क्षतिग्रस्त हाथी सुरक्षा दीवार के पुनर्निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए। वहीं प्रकाश पंत मार्ग से एयरपोर्ट तक जंगली हाथियों से सुरक्षा के लिए स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग पर बीडीओ को आवश्यक कार्रवाई का जिम्मा सौंपा गया।
गांधी रोड निवासी इल्मा, प्रेम बहादुर, सरस्वती और रणवीर सिंह ने आर्थिक तंगी, बच्चों की शिक्षा और बीमारी के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग रखी। संबंधित एसडीएम को मामलों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई में संयुक्त मजिस्ट्रेट हर्षिता सिंह, एसडीएम अपर्णा ढौंडियाल, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी प्रेम लाल भारती, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी शशिकांत गिरी, मुख्य कृषि अधिकारी देवेंद्र राणा समेत विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

