UttrakhandWEATHER UPDATE

उत्तराखंड में फिर बदलेगा मौसम, 11 अक्टूबर तक बारिश-बर्फबारी का अलर्ट

देहरादून। उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने जा रहा है। मौसम विभाग ने 6 से 11 अक्टूबर तक प्रदेश में येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कुमाऊं और गढ़वाल मंडल के पर्वतीय इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं, गर्जन और आकाशीय बिजली की घटनाएं हो सकती हैं। हालांकि, अधिकांश मैदानी जिलों में मौसम के शुष्क रहने का अनुमान है।

 

 

मौसम निदेशक डॉ. सीएस तोमर के मुताबिक, 6 से 8 अक्टूबर के बीच 4200 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले पर्वतीय क्षेत्रों में अच्छी बर्फबारी के आसार हैं। इसके बाद 9 से 11 अक्टूबर के बीच करीब 3800 मीटर की ऊंचाई वाले इलाकों में भी बर्फबारी हो सकती है। मौसम में इस बदलाव के साथ ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ठंड बढ़ने की संभावना है।

सात जिलों में तेज हवाओं और आकाशीय बिजली का अलर्ट

मौसम विभाग ने चमोली, नैनीताल, पिथौरागढ़, बागेश्वर, अल्मोड़ा, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी में विशेष सतर्कता बरतने को कहा है। इन जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ गर्जन और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।

वहीं, 6 और 7 अक्टूबर को नैनीताल, चंपावत, अल्मोड़ा, देहरादून, टिहरी और पौड़ी में मध्यम बारिश के साथ तेज गर्जन और आकाशीय बिजली का खतरा बना रहेगा।

मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों और ऊंचाई वाले इलाकों में जाने वाले पर्यटकों को मौसम की स्थिति पर नजर रखने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।