Uttrakhand

पिता के तर्पण पर सियासत तेज, कांग्रेस की पोस्ट पर नरेश बंसल का तीखा पलटवार

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के पिता के श्राद्ध और तर्पण को लेकर कांग्रेस की सोशल मीडिया पोस्ट पर उत्तराखंड में सियासी घमासान तेज हो गया है। भाजपा ने कांग्रेस पर धार्मिक परंपराओं और व्यक्तिगत आस्था को राजनीतिक विवाद का विषय बनाने का आरोप लगाया है। देहरादून स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय में प्रेसवार्ता के दौरान राज्यसभा सांसद नरेश बंसल ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला।

 

नरेश बंसल ने कहा कि राजनीतिक विरोध विचारधारा, नीतियों और सरकार के कामकाज तक सीमित रहना चाहिए। माता-पिता और दिवंगत परिजनों से जुड़े धार्मिक संस्कारों पर टिप्पणी करना राजनीतिक मर्यादाओं के खिलाफ है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने तर्पण जैसे धार्मिक संस्कार को राजनीतिक मुद्दा बनाकर देवभूमि की आस्था को ठेस पहुंचाई है।

 

‘मोहब्बत की दुकान’ पर भी कांग्रेस को घेरा

भाजपा सांसद ने कांग्रेस के चर्चित ‘मोहब्बत की दुकान’ वाले राजनीतिक नारे पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की कथनी और करनी में अंतर दिखाई देता है। बंसल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां को लेकर कांग्रेस नेताओं की कथित टिप्पणियों का भी जिक्र करते हुए विपक्षी दल पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया।

खड़गे की रैली और जनरल बिपिन रावत का भी उठाया मुद्दा

नरेश बंसल ने हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के बाद कांग्रेस पर कथित तौर पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने वर्ष 2017 में जनरल बिपिन रावत को लेकर कांग्रेस की ओर से की गई कथित टिप्पणी का भी उल्लेख करते हुए पार्टी की राजनीतिक भूमिका पर सवाल उठाए।

मोहम्मद दीपक प्रकरण पर भी कांग्रेस को घेरा

प्रेसवार्ता में मोहम्मद दीपक प्रकरण भी भाजपा सांसद के निशाने पर रहा। बंसल ने इस मामले में राहुल गांधी की चुप्पी पर सवाल उठाया और कांग्रेस नेताओं के कोटद्वार जाने को लेकर भी पार्टी की मंशा पर सवाल खड़े किए।

भाजपा के इन आरोपों पर कांग्रेस की ओर से फिलहाल कोई विस्तृत प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। ऐसे में मुख्यमंत्री के पिता के तर्पण से शुरू हुआ विवाद अब धार्मिक आस्था से आगे बढ़कर भाजपा-कांग्रेस के बीच तीखी राजनीतिक बयानबाजी का मुद्दा बनता नजर आ रहा है।