Uttrakhand

गुरु रविदास की 650वीं जयंती पर ‘समरसता संकल्प अभियान’, भाजपा ने कसी कमर

देहरादून। संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में प्रस्तावित ‘समरसता संकल्प अभियान’ को लेकर भाजपा ने तैयारियां तेज कर दी हैं। देहरादून स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में अभियान को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। दीप प्रज्वलन के साथ शुरू हुई बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्य ने प्रदेशभर से पहुंचे जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और संगठनात्मक कार्यकर्ताओं को अभियान की रूपरेखा और उद्देश्य से अवगत कराया।

बैठक में देहरादून महानगर और ग्रामीण सहित हरिद्वार, ऋषिकेश, रुड़की, टिहरी और कोटद्वार क्षेत्रों के विधायक, भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के पदाधिकारी, नगर निकायों के जनप्रतिनिधि और विभिन्न जिलों के जिलाध्यक्ष समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

 

‘समरसता संकल्प यात्रा’ का चौथा चरण उत्तराखंड पहुंचेगा

लाल सिंह आर्य ने कहा कि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर ‘समरसता संकल्प अभियान’ के चौथे चरण की यात्रा शुरू हो रही है। विभिन्न राज्यों से होते हुए यह यात्रा उत्तराखंड पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य महज एक कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि संत रविदास के समानता, सामाजिक न्याय, भाईचारे और मानवता के संदेश को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाना है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि यात्रा के दौरान संत समाज, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़कर इसका भव्य स्वागत किया जाए।

आर्य ने कहा कि संत रविदास ने समाज को जातीय और सामाजिक भेदभाव से ऊपर उठकर मानवता एवं समानता के रास्ते पर चलने का संदेश दिया। उनके विचार आज भी सामाजिक एकता और समरसता को मजबूत करने की दिशा में प्रासंगिक हैं।

‘अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे हर कार्यकर्ता’

भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से कहा कि अभियान को केवल संगठनात्मक कार्यक्रम तक सीमित न रखा जाए। प्रत्येक कार्यकर्ता समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और गुरु रविदास के मानवतावादी विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास करे।

उन्होंने कहा कि समरसता संकल्प अभियान सामाजिक एकता, सम्मान और भाईचारे को मजबूत करने का व्यापक प्रयास है, जिसमें समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी जरूरी है।

महेंद्र भट्ट बोले—संत रविदास की शिक्षाएं आज भी प्रासंगिक

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि संत रविदास जी की शिक्षाएं आज भी पूरी तरह प्रासंगिक हैं। उन्होंने समाज को समानता, सम्मान, सहयोग और भाईचारे का मार्ग दिखाया। भट्ट ने कहा कि मजबूत राष्ट्र और सशक्त समाज की नींव तभी मजबूत हो सकती है, जब समाज का प्रत्येक वर्ग परस्पर सम्मान और सद्भाव के साथ आगे बढ़े।

उन्होंने कहा कि समरसता संकल्प यात्रा के चौथे चरण के जरिए संत रविदास के विचारों को व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान को सफल बनाने के लिए पूरी ऊर्जा और प्रतिबद्धता के साथ जुटने तथा समाज के हर वर्ग को इससे जोड़ने का आह्वान किया।

बड़ी संख्या में पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

बैठक में राज्यमंत्री एवं भाजपा प्रदेश अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष बलवीर घुनियाल, देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी, घनसाली विधायक शक्तिलाल शाह, विधायक मुन्ना सिंह चौहान, विधायक बृजभूषण गैरोला, प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, महामंत्री दीपित रावत, मीना गंगोला, विनोद कुमार, स्वराज विद्वान, देशराज, सुमेरचंद और ओमप्रकाश भुजवान सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने समरसता संकल्प अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाने तथा गुरु रविदास जी के समानता, सामाजिक न्याय और मानवता के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का संकल्प लिया।