CRIME NEWSDEHRADUN

चकराता में दून पुलिस की ‘पाठशाला’, नुक्कड़ नाटक से छात्रों को नशे के खिलाफ किया जागरूक

चकराता/देहरादून। नशे के खिलाफ जनजागरूकता बढ़ाने के लिए दून पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर कोतवाली चकराता पुलिस ने सोमवार को कैंट स्कूल चकराता में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर स्कूली छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को नशे के दुष्प्रभावों तथा इससे बचाव के उपायों की जानकारी दी।

 

कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने स्कूली बच्चों और शिक्षकों के साथ जागरूकता रैली निकाली। हाथों में बैनर और पोस्टर लेकर छात्र-छात्राओं ने आम लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक किया और नशे से होने वाले सामाजिक एवं व्यक्तिगत नुकसान का संदेश दिया।

नुक्कड़ नाटक ने दिया नशे के खिलाफ संदेश

कार्यक्रम में ‘संभव परिवार मंच’ संस्था के वालंटियर्स के सहयोग से नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया। नाटक के माध्यम से छात्रों और स्थानीय लोगों को नशे की लत के दुष्परिणामों और इससे बचने के तरीकों के बारे में समझाया गया।

पुलिस ने लोगों से नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की। छात्र-छात्राओं को भी अपने आसपास के लोगों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने और नशा मुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया गया।

हर थाना क्षेत्र में चल रहा जागरूकता अभियान

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशन में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में नशे के दुष्प्रभावों को लेकर लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन अभियानों के जरिए युवाओं, विद्यार्थियों, अभिभावकों और आम लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक कर सामुदायिक भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।

पुलिस का संदेश है कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।